Khunti : झारखंड के खूंटी जिले में करकरी नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार रात छह मजदूर नदी के बीचों-बीच फंस गए। लगातार बारिश के चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे मजदूरों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं बचा। गुरुवार दोपहर एनडीआरएफ की टीम ने सभी मजदूरों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
घटना अड़की प्रखंड के सोनपुर गांव की है, जहां मजदूर पुल निर्माण के काम में लगे थे। पहले वे नदी किनारे टेंट में रह रहे थे, लेकिन टेंट गिर जाने और गर्मी से बचाव के लिए उन्होंने पुल के नीचे अस्थायी ठिकाना बना लिया था। मंगलवार रात अचानक बारिश तेज हो गई और पानी तेजी से चढ़ने लगा। खतरे को भांपते हुए मजदूर सीढ़ी से चढ़कर अधूरे पुल पर पहुंच गए, लेकिन तेज बहाव और दूरी के कारण बाहर नहीं निकल पाए।
स्थानीय गोताखोरों ने बहाव की गति देखकर नदी में उतरने से मना कर दिया। ठेकेदार और ग्रामीणों की सूचना पर प्रशासन ने तुरंत एनडीआरएफ टीम को बुलाया। गुरुवार को दोपहर 12 बजे के करीब रांची से पहुंची टीम ने लगभग दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी मजदूरों को सकुशल बाहर निकाला।
बचाए गए मजदूरों में गुमला, प्रयागराज और पलामू के रहने वाले लोग शामिल हैं — जिनमें टाटी नया टोला कुरकुरा के 60 वर्षीय नामजन बागे, 43 वर्षीय महतो, दाऊद बोर, प्रयागराज निवासी सूरज चौधरी, पलामू के भोला राम और रोहित कुमार का नाम है। मजदूरों ने बताया कि पानी में उनके खाने-पीने का सामान और मशीनें बह गईं।
इस खबर को भी पढ़ें : एनएचएआई की लापरवाही से टाटा-रांची हाईवे जलमग्न, कॉलोनियों में घुसा पानी, सरयू राय ने जताई नाराजगी
इस खबर को भी पढ़ें :रांची में भारी बारिश के कारण 20 जून को सभी स्कूल बंद, डीसी ने जारी किया आदेश

