Ranchi News:- रांची के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल में डीपीएस स्कूल के संगीत शिक्षक माइकल घोष गुरुवार को पानी के तेज बहाव में बह गए। शुक्रवार को उनकी तलाश में एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची है। उनके साथ अनगड़ा थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद है। दोनों टीमें मिलकर खोजबीन में जुटी हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
जानकारी के मुताबिक, माइकल घोष मूल रूप से धनबाद के निवासी हैं और वर्तमान में रांची के अल्कापुरी मोहल्ले में रहते थे। वह डीपीएस रांची में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार को वे अपने दो अन्य शिक्षक मित्रों—पंकज श्रीवास्तव और ऋत्विक सामंता के साथ घूमने के उद्देश्य से जोन्हा फॉल गए थे।
दोपहर करीब डेढ़ बजे तीनों दोस्त वहां पहुंचे और फॉल के पास सीढ़ियों पर बैठकर भोजन किया। खाना खाने के बाद माइकल घोष पानी के बीच एक बड़े पत्थर पर जाकर खड़े हो गए और अपने दोस्तों से फोटो खींचने को कहा। लेकिन अचानक उनका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहते चले गए।
उनके दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया, लेकिन तब तक वह आंखों से ओझल हो चुके थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंची और तलाश शुरू की। अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल पर तीन लोग फंसे थे, जिनमें से दो को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एक व्यक्ति अभी भी लापता है, जिसकी खोजबीन एनडीआरएफ द्वारा जारी है।

