Gaya News:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गया जिले के वजीरगंज और रोहतास के सासाराम में आयोजित जनसभाओं में राजग उम्मीदवारों के समर्थन में वोट देने की अपील की। उन्होंने महागठबंधन पर तीखा वार करते हुए कहा कि बिहार के विकास के लिए सिर्फ योजना नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति की जरूरत है और यह केवल राजग के पास है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने बिहार के युवाओं की पहचान पर संकट खड़ा कर दिया था। किसानों को आत्महत्या करने तक की नौबत आ गई थी। व्यापारियों और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में थी, लेकिन आज वही लोग बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते 20 वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की राह पकड़ी है और इसे आगे बढ़ाने के लिए राजग सरकार का बनना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बिहार को आगे ले जाने के लिए नीयत और नीति के साथ-साथ इच्छाशक्ति भी जरूरी है और यह राजग के पास है। उन्होंने लोगों से अपील की कि महागठबंधन को सत्ता में वापसी का मौका न दें।
योगी आदित्यनाथ ने देव दीपावली के अवसर पर समाज की परंपराओं और सनातन संस्कृति का ज़िक्र करते हुए कहा कि भारत के सभी पर्व समाज के हर तबके को जोड़ते हैं। दीपक बनाने वाले कुम्हार से लेकर तेल पैदा करने वाले किसान तक, सभी इन पर्वों से सम्मान और आय अर्जित करते हैं। यह परंपरा आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
उन्होंने अपने संबोधन के दौरान रोहतास में चर्चित स्नेहा हत्याकांड की जांच के लिए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) गठित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सासाराम की बेटी स्नेहा, जो वाराणसी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी, एक वर्ष पूर्व संदिग्ध हालात में मारी गई। दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
योगी ने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह धरती माता जानकी की जन्मभूमि और भगवान बुद्ध की कर्मस्थली रही है। यही धरती जैन धर्म के भगवान महावीर, कवि विद्यापति, देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसी महान विभूतियों की भूमि है। इसलिए बिहार के लोगों को इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

