Jamshedpur News:- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक बार फिर नक्सलियों ने अपनी मौजूदगी का अहसास कराया है। जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा गांव में शनिवार देर रात नक्सलियों ने एयरटेल कंपनी के मोबाइल टावर पर हमला कर उसे आग के हवाले कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल फैल गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, करीब बीस की संख्या में हथियारबंद नक्सली देर रात गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को धमकाते हुए टावर के आसपास से हट जाने को कहा। इसके बाद टावर के नीचे लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैटरी सेटअप पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते पूरा सेटअप जलकर खाक हो गया। नक्सलियों ने “भाकपा (माओवादी) जिंदाबाद” जैसे नारे लगाकर इलाके में अपनी मौजूदगी का संदेश दिया और फिर जंगल की ओर भाग निकले।
ग्रामीणों ने बताया कि यह हमला नक्सलियों द्वारा 8 से 14 अक्टूबर तक घोषित प्रतिरोध सप्ताह के तहत किया गया है। उनका उद्देश्य सुरक्षा बलों की संचार व्यवस्था को बाधित करना और खौफ का माहौल बनाना है। घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसपी अमित रेणु के निर्देश पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। उन्होंने बताया कि “नक्सलियों की इस हरकत के बाद पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। मामले की गहन जांच चल रही है।”
पुलिस को संदेह है कि हमले में सारंडा और चक्रधरपुर क्षेत्र के सक्रिय नक्सली दस्ता शामिल हैं। पिछले कुछ महीनों से इन इलाकों में नक्सल गतिविधियों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में नक्सलियों ने सारंडा जंगल के तीन अलग-अलग इलाकों में आईईडी विस्फोट कर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया था, जिसमें एक जवान शहीद हो गया था जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए थे।
पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती कर दी है। साथ ही आसपास के गांवों में चौकसी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी संभावित हमले को रोका जा सके।

