Chaibasa News;- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में नक्सली गतिविधियां एक बार फिर सिर उठाने लगी हैं। बुधवार की देर रात भाकपा-माओवादी नक्सलियों ने जराईकेला थाना क्षेत्र के कोलबंगा गांव के पास सड़क पर दो विशाल पेड़ काटकर गिरा दिए, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इस घटना से ग्रामीणों में भय और तनाव का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने सड़क जाम करने के बाद मौके पर बैनर और पोस्टर टांगे, जिनमें उन्होंने अपनी मांगें और संदेश लिखे थे। यह घटना नक्सलियों द्वारा मनाए जा रहे प्रतिरोध सप्ताह के दौरान हुई है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि नक्सलियों ने इस कार्रवाई के जरिए अपनी मौजूदगी का एहसास कराने और पुलिस अभियानों के खिलाफ विरोध जताने की कोशिश की है।
ग्रामीणों ने बताया कि देर रात सशस्त्र नक्सली आए और सड़क के दोनों किनारों से पेड़ काटकर बीच रास्ते में गिरा दिए। सुबह जब लोगों ने यह देखा, तो गांवों के बीच संपर्क पूरी तरह ठप हो गया था। कई घंटों तक ग्रामीण फंसे रहे और किसी को बाहर निकलने में मुश्किल हुई।
पुलिस प्रशासन को घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। पेड़ों को हटाने का कार्य जारी है और इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि आसपास के क्षेत्रों में नक्सलियों ने और भी आईईडी या जाल बिछा रखे हो सकते हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही नक्सलियों ने इसी इलाके में एयरटेल मोबाइल टावर को आग के हवाले कर दिया था और सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए आईईडी विस्फोट किया था। उस हमले में एक जवान शहीद हुआ था जबकि दो घायल हुए थे। लगातार हो रही घटनाओं से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है और पूरे सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

