Bhubaneswar News:- ओडिशा-झारखंड सीमा पर नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। माओवादियों द्वारा मनाए जा रहे ‘शहीद सप्ताह’ के अंतिम दिन संदिग्ध नक्सलियों ने सरंडा वन क्षेत्र में रेलवे ट्रैक को विस्फोट कर उड़ा दिया। यह घटना झारखंड के करमपाड़ा और ओडिशा के रेंजेडा स्टेशनों के बीच घटी।
विस्फोट तड़के बिमलगढ़ रेलवे सेक्शन में हुआ, जिससे रेलवे ट्रैक का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई ट्रेन नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही तत्काल प्रभाव से रोक दी। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), ओडिशा और झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जैगुआर्स की संयुक्त टीमों ने सरंडा जंगल में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
बम निरोधक दस्तों को भी मौके पर भेजा गया है ताकि ट्रैक पर अन्य संभावित विस्फोटकों की जांच की जा सके। करमपाड़ा और रेंजेडा जैसे सीमावर्ती स्टेशन नक्सली गतिविधियों के लिहाज से पहले से ही संवेदनशील माने जाते हैं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा की स्थिति सामान्य होने के बाद ही इस खंड पर ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर बताती है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रेलवे जैसे महत्वपूर्ण ढांचे किस तरह निशाने पर हैं। सुरक्षाबलों की ओर से लगातार ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि माओवादियों की गतिविधियों को रोका जा सके।
इस खबर को भी पढ़ें : रांची: हरमू रोड पर बिल्डिंग में भीषण आग, दो दुकानें जलकर राख
इस खबर को भी पढ़ें : पार्किंग में खड़ी दो कारों से 50 हजार नकद व सामान चोरी,पुलिस जाँच में जुटी

