Bokaro News:- झारखंड के बोकारो जिले के जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत लुगू पहाड़ के काशीटांड़ जंगलों में बुधवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक नक्सली मारा गया है, जबकि कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों के छिपे होने की सूचना पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान जंगल के अंदर माओवादियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से भी मुंहतोड़ कार्रवाई की गई। मुठभेड़ के दौरान एक नक्सली ढेर हो गया, जबकि कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हुआ है। घायल जवान को गंभीर हालत में एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया है।
बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि मुठभेड़ झुमरा और लुगू पहाड़ी के बीच हुई है। इलाके में नेटवर्क की दिक्कत के कारण पूरी जानकारी मिलने में वक्त लग रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इलाके में रुक-रुक कर फायरिंग जारी है और सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस प्रवक्ता और आईजी अभियान माइकल राज एस ने भी मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जंगल में नक्सली अभी भी सक्रिय हैं और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।
बता दें कि इसी पहाड़ पर अप्रैल में एक करोड़ के इनामी नक्सली समेत आठ उग्रवादियों को सुरक्षा बलों ने ढेर किया था। यह इलाका लंबे समय से नक्सलियों का गढ़ माना जाता है।

