Lohardaga News:- जिले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए भाकपा माओवादी दस्ता सदस्य और एक लाख के ईनामी नक्सली राजा हेमंत असुर उर्फ राजन असुर उर्फ राजा उर्फ राजन खेरवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली के पास से एक देशी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजा हेमंत असुर चंदवा थाना क्षेत्र के हेसला बांझीटोली से कुडू थाना क्षेत्र के चुल्हापानी की ओर अवैध हथियार के साथ संगठन के विस्तार के उद्देश्य से जा रहा है। सूचना मिलते ही किस्को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वेदांत शंकर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर देर रात अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम ने कुडू–चंदवा मार्ग के जंगली इलाके में केरवाडी शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर छापेमारी की, जहां से राजा हेमंत असुर को हथियार सहित दबोच लिया गया। गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ जारी है और उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने इसे नक्सल उन्मूलन अभियान में बड़ी सफलता बताया है।

