Dumka News:- दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में हुए नानी-नतनी के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में घर जमाई दामाद राजू सोरेन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
रविवार को प्रेसवार्ता कर एसपी पिताम्बर सिंह खेरवार ने बताया कि शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के आमचुआ गांव में शुक्रवार देर रात 70 वर्षीय वृद्धा सोना बास्की और उसकी नतनी सोना मुर्मू की हत्या कर दी गई थी। हत्या का कारण घरेलू विवाद बताया गया है
पुलिस के अनुसार, घर जमाई बने राजू सोरेन को घर में काम और पैसों को लेकर अक्सर अपमान सहना पड़ता था। पत्नी के भी बिना बताए गांव में घूमने से वह नाराज था। गुस्से में उसने पहले पत्नी पर लकड़ी के टुकड़े से हमला कर घायल कर दिया। जब बीच-बचाव करने नानी सोना बास्की और नतनी सोना मुर्मू आगे आईं, तो उन पर भी उसने वार कर दिया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतका सोना मुर्मू की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व काठीकुंड के जलुवा डूबा निवासी राजू सोरेन से हुई थी। सोना बास्की का कोई बेटा नहीं था। इसी वजह से उसने बेटी और दामाद को घर जमाई बना कर रखा था। लेकिन घरेलू कलह के बीच यह रिश्ता खून-खराबे में बदल गया।
घटना के समय घर में 6 महीने की मासूम बच्ची भी मौजूद थी। सौभाग्य से वह पूरी तरह सुरक्षित है।
पुलिस ने आरोपी राजू सोरेन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी ने कहा कि आरोपित ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है।

