Jamshedpur News:- सिदगोड़ा थाना पुलिस ने दीपावली की रात हुए चर्चित दीपक विभार हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपितों — प्रेम यादव (27), रौशन कुमार (26) और अंगद मुखी (18) — को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, एक रिवॉल्वर, दो मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
डीएसपी मुख्यालय–1 भोला प्रसाद ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कुछ दिन पहले भुइयांडीह क्षेत्र में दीपक विभार को गोली मारी गई थी, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद सिदगोड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई, जिसने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या में शामिल अपराधी बाबूडीह कब्रिस्तान के पास किसी से मिलने पहुंचा है। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने छापेमारी कर प्रेम यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि हत्या में प्रयुक्त रिवॉल्वर रौशन यादव के पास है। इसके बाद रौशन और फिर तीसरे आरोपी अंगद मुखी को भी गिरफ्तार किया गया।
डीएसपी ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी अशोक दुबे पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। हत्या की वजह आपसी विवाद थी। दीपावली की रात अशोक दुबे और उसके मित्र मुन्ना के बीच झगड़ा हुआ था। उसी दौरान अशोक ने गुस्से में पिस्तौल निकाल ली। बीच-बचाव करने आए दीपक विभार को गोली लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में दो पहले भी जेल जा चुके हैं। फिलहाल तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है।

