Bokaro News:– हरला थाना क्षेत्र से हुए जयंत सिंह अपहरण कांड का बोकारो पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपित एवं मास्टरमाइंड बिनोद कुमार उर्फ बिनोद खोपड़ी सहित कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों की निशानदेही पर अपहृत जयंत सिंह का शव गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जलेबिया घाटी के पास से बरामद किया गया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह ने मंगलवार को कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर 2025 को अमृता सिंह, पत्नी जयंत सिंह, निवासी सेक्टर-08/ए, क्वार्टर संख्या-2197, थाना हरला द्वारा पति के अपहरण को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी ने तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए कांड का खुलासा किया। मुख्य आरोपित बिनोद कुमार उर्फ बिनोद खोपड़ी की निशानदेही पर पुलिस ने अपहृत जयंत सिंह का शव बरामद किया। इस मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपितों में संजय कुमार उर्फ संजय डोम, आनंद कुमार, वरुण कुमार उर्फ वरुण साबी पासवान, संजय सिंह एवं मनोज कुमार उर्फ लुसी शामिल हैं।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काले रंग की ऑल्टो कार, दो मोबाइल फोन और चार लाठियां भी बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपित बिनोद कुमार उर्फ बिनोद खोपड़ी का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ बोकारो और आसपास के थानों में हत्या, अपहरण, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कुल 19 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपित मनोज कुमार उर्फ लुसी के विरुद्ध भी पूर्व में आपराधिक मामला दर्ज है।
छापेमारी दल में नगर डीएसपी आलोक रंजन के अलावा हरला, बीएस सिटी, सेक्टर-04 और माराफारी थाना के थाना प्रभारी, अनुसंधानकर्ता तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह ने कहा कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

