Bokaro News: जिले के चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत बरमसिया ओपी क्षेत्र के पारबहाल गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रेम संबंध में बाधा बनने पर नाबालिग बेटी ने अपनी ही मां की गला घोंटकर हत्या कर दी।
मृतका की पहचान तृप्ति देवी के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में किशोरी ने अपराध स्वीकार किया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 17 अगस्त की रात की है, जब मृतका का पति गांव से बाहर मनसा पूजा कराने गया था। उसी दौरान नाबालिग ने मां को बाथरूम जाने के बहाने घर से बाहर बुलाया और पास के कुएं के पास दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी।
प्रेम संबंध का खुलासा
जांच में सामने आया कि किशोरी का प्रेम संबंध गांव के ही युवक सचिन पांडेय से था। परिजनों को इसकी जानकारी होने के बाद 16 अगस्त को घरवालों ने युवक के साथ मारपीट की थी। इसी घटना से नाराज होकर किशोरी ने मां को रास्ते से हटाने का मन बना लिया। पुलिस के अनुसार, किशोरी ने बयान दिया कि मां के रहते वह न तो प्रेमी से मिल सकती थी और न ही शादी कर सकती थी।
पति ने दर्ज कराई प्राथमिकी
घटना की जानकारी मृतका के पति को देर रात फोन पर मिली। वह तुरंत घर पहुंचे और पत्नी को पुरुलिया सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उन्होंने बरमसिया ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें बेटी सहित प्रेमी और अन्य परिजनों को नामजद किया गया है।
बरमसिया ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर हत्या की पुष्टि हुई है। नाबालिग को निरुद्ध कर बाल न्यायालय भेजा गया है। पुलिस प्रेमी और अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

