Chaibasa News:- जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र के अंगारडीहा गांव में घरेलू विवाद में बुजुर्ग महिला की जान चली गई, जबकि आरोपित बहु घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार को अंगारडीहा गांव में सास और बहू के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की स्थिति बन गई। आरोप है कि बहू तुलसी हेस्सा ने अपनी सास गीता पूर्ति (70) पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमले के बाद बहू मौके से फरार हो गई।
परिजनों ने बताया कि बहू पिछले करीब दो महीनों से परिवार के साथ नहीं रहना चाहती थी और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार को हुआ विवाद हिंसक रूप ले लिया और बुजुर्ग महिला की जान चली गई। घायल गीता पूर्ति को परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर तांतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं जब मामले के संबंध में क्षेत्र के डीएसपी बाहमन टूटी से सोमवार को संपर्क किया गया तो उन्होंने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी होने से इंकार कर दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि कोई घटना हुई है तो मामले की जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी।
मामले में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

