़मोदी ने त्योहार के मौसम में एक बार फिर देशवासियों को कोरोना के प्रति किया सचेत
नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में देशवासियों को त्योहार के मौसम में कोरोना के प्रति लापरवाह नहीं होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जनता कर्फ्यू से लेकर आज तक हम भारत वासियों ने बहुत लंबा समय तय किया है। लेकिन हमें यह भूलना नहीं है कि लॉकडाउन भले चला गया हो वायरस नहीं गया है। बीते सात- आठ महीनों में प्रत्येक भारतीय के प्रयास से आज देश जिस संभली हुई स्थिति में है हमें उसे बिगड़ने नहीं देना है।
मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि समय के साथ देश की आर्थिक गतिविधियां भी तेजी से बढ़ रही है। हममें से अधिकांश लोग अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए फिर से जीवन को गति देने के लिए रोज घरों से बाहर निकल रहे हैं। त्योहार के इस मौसम में बाजारों में भी रौनक धीरे-धीरे लौट रही है। आज देश में रिकवरी रेट अच्छी है। मृत्यु दर कम है। दुनिया के साधन संपन्न देशों की तुलना में भारत अपने ज्यादा से ज्यादा नागरिकों का जीवन बचाने में सफल रहा है।
मोदी ने कहा कि जब तक इस महामारी की वैक्सीन नहीं आ जाती हमें कोरोना की लड़ाई को कमजोर नहीं पड़ने देना है। उन्होंने कहा कि कोरोना की वैक्सिंग जब भी आएगी वह जल्द से जल्द प्रत्येक भारतीयों तक कैसे पहुंचे इसके लिए सरकार युद्ध स्तर पर तैयारी कर रही है। देश के वैज्ञानिक भी वैक्सीन के लिए जी जान से जुटे हैं।
मोदी ने अपने संबोधन के अंत में एक बार फिर देशवासियों से इस कठिन समय से निकलकर आगे बढ़ने के दौरान लापरवाही नहीं बरतने की अपील करते हुए कहा की हमारी लापरवाही से गति रुक सकती है। हमारी खुशियों को धूमिल कर सकती है। जीवन की जिम्मेदारियों को निभाना और सतर्कता यह दोनों साथ-साथ चलनी चाहिए तभी जीवन में खुशियां बनी रहेगी। अंत में मेादी ने कहा कि जब तक दवाई नहीं तब तक ढिलाई नहीं।

