Ranchi : राजधानी रांची के पास संबो गांव स्थित महेंद्र सिंह धोनी के फार्महाउस में इस सीजन टमाटर की खेती खास आकर्षण का केंद्र बन गई है। 43 एकड़ में फैले इस विशाल फार्म में करीब 38 एकड़ भूमि पर नियमित रूप से खेती की जाती है, लेकिन इस बार खास फोकस उन्नत और विविध किस्मों के टमाटर पर रखा गया है। पूरी तरह जैविक पद्धति से तैयार की गई यह फसल अब बाजार में पहुंचने लगी है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और उपभोक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रांची के थोक और खुदरा बाजारों में इन टमाटरों की मांग लगातार बढ़ रही है।
जैविक खेती से गुणवत्ता पर खास जोर
फार्म से जुड़े लोगों के अनुसार इस बार मौसम अनुकूल रहा और वैज्ञानिक तरीकों से की गई तैयारी का सकारात्मक असर पैदावार पर दिखा है। यहां लाल, देसी, चेरी और हाईब्रिड जैसी कई किस्मों की खेती की जा रही है। आकार, स्वाद और गुणवत्ता के आधार पर इन टमाटरों की अलग पहचान बन रही है। खास बात यह है कि पूरी खेती बिना रासायनिक खाद और कीटनाशकों के की जा रही है। प्राकृतिक खाद के रूप में गोबर और जैविक मिश्रण का उपयोग किया जाता है, जबकि कीट नियंत्रण के लिए पारंपरिक और प्राकृतिक उपाय अपनाए जाते हैं। यही कारण है कि यहां तैयार टमाटर स्वाद और ताजगी के लिए अलग पहचान रखते हैं।

बाजार में बढ़ी मांग, किसानों के लिए प्रेरणा
हालांकि फार्म में गोभी, मटर, ब्रोकोली, कद्दू, भिंडी, बैंगन के साथ-साथ अनानास, आम, अमरूद और पपीता जैसे फलों की भी खेती हो रही है, लेकिन इस सीजन टमाटर की फसल केंद्र में है। स्ट्रॉबेरी की खेती भी जारी है, पर बाजार में सबसे ज्यादा चर्चा टमाटर को लेकर है। फार्म के केयरटेकर का कहना है कि इस बार टमाटर की खेती पर विशेष ध्यान दिया गया है और बाजार से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। धोनी का यह प्रयास स्थानीय किसानों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहा है
Read More : Ranchi News : एसीबी का बड़ा एक्शन, सिल्ली अंचल कार्यालय का अमीन 8 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
