Ranchi News:- झारखंड सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री और मधुपुर विधायक हफीजुल हसन की तबीयत गुरुवार को अचानक बिगड़ गई। उन्हें रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मंत्री की तबीयत की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ-साथ मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, संजय यादव और कई अन्य विधायक भी अस्पताल पहुंचे और हफीजुल हसन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
गौरतलब है कि हफीजुल हसन पहले से ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। बीते जुलाई माह में दिल्ली के मेदांता अस्पताल में उनकी हार्ट सर्जरी हुई थी। उस समय भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ उनसे मिलने और हालचाल जानने पहुंचे थे।
फिलहाल पारस अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। सूत्रों के अनुसार, मंत्री को कुछ दिनों तक अस्पताल में ही रखा जाएगा और स्थिति में सुधार होने के बाद ही छुट्टी दी जाएगी।
झारखंड की राजनीति में हफीजुल हसन एक सक्रिय नेता माने जाते हैं। मधुपुर सीट से विधायक रहते हुए उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री के रूप में कई अहम काम किए हैं। उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने की खबर से राजनीतिक गलियारों में चिंता का माहौल है और समर्थक उनके स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

