Jamshedpur News:- जिले मे अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सोनारी थाना क्षेत्र स्थित वर्धमान ज्वैलर्स की दुकान पर बुधवार दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलते हुए नकदी और लाखों रुपये मूल्य के गहने लूट लिए। अपराधियों ने विरोध करने पर दुकान मालिक पंकज जैन पर पिस्टल की बट से हमला कर घायल भी कर दिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांच से सात अपराधी ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। अंदर जाते ही उन्होंने हथियार निकालकर स्टाफ और ग्राहकों को आतंकित कर दिया। इसके बाद मिनटों में शोकेस से गहने और कैश समेटकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से घटी कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
अचानक हुई वारदात से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। लोग दहशत में दुकानें बंद कर भागने लगे। खास बात यह है कि जिस जगह यह घटना हुई, वहां से महज कुछ दूरी पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) का कार्यालय है। इसके बावजूद अपराधियों का इतनी निडरता से वारदात करना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी पियूष पांडे, सिटी एसपी शिव आशिष कुमार और डीएसपी मनोज ठाकुर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की और नाकाबंदी अभियान शुरू कर दिया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
वारदात के बाद सोनारी और आसपास के व्यापारियों में दहशत फैल गई है। कई व्यापारियों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। एसएसपी पियूष पांडे ने कहा कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है। विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

