Koderma News:- थाना क्षेत्र के लरियाडीह गांव में बीती रात एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पूजा देवी (24 वर्ष) के रूप में की गई है।
घटना की जानकारी देते हुए मृतका की जेठानी गायत्री देवी ने बताया कि शुक्रवार को घर के सास-ससुर अपनी बेटी के घर पारसनाथ (गिरिडीह) गए हुए थे। उस समय वे स्वयं और पूजा अपने बच्चों के साथ घर पर अकेली थीं। उन्होंने बताया कि रात में वे अपने पति सुनील शर्मा से वीडियो कॉल पर बात कर रही थीं, तभी किसी ने घर का दरवाजा खटखटाया। जब उन्होंने आवाज दी तो सामने से किसी ने कहा कि वह धौनी है। दरवाजा खोलने पर वह अंदर आ गया और घबराए स्वर में बताया कि पूजा ने फांसी लगा ली है। यह सुनकर वे पूजा के कमरे की ओर भागीं। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे काफी मशक्कत के बाद खोला गया। अंदर देखा तो पूजा फंदे से झूल रही थी। इसके बाद धौनी ने पूजा को फंदे से नीचे उतारा और परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचे, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गायत्री देवी ने बताया कि जब वे अस्पताल में थीं, तभी मौका पाकर धौनी पूजा का मोबाइल लेकर फरार हो गया। थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मृतका के परिजनों द्वारा कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।

