.हत्या के दोनों मामलों में पुलिस ने महिला समेत पांच को किया गिरफ्तार
सुपौल।
सुपौल पुलिस ने दो अलग-अलग हत्याकांड ओं का उद्भेदन 24 घंटे में करते हुए इसमें शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पहली घटना बीरपुर थाना क्षेत्र कीहै। जहां 29 जनवरी को थाना क्षेत्र में एक युवक मनोज कुमार साह की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी। पहले युवक को उसके दोस्त ने फोन कर बुलाया फिर उसकी हत्या कर दी। कांड में शामिल शहनाज खातून, मोहम्मद महमूद उर्फ टिम्मा और रहमत मियां को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी मनोज कुमार ने इसकी पुष्टि की है। कांड के उद्भेदन के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक युवक का प्रेम प्रसंग आरोपी शहनाज खातून से चल रहा था। इसकी जानकारी शहनाज के भाई मोहम्मद महबूब को हो गई थी। इस पर उसने कई बार मृतक को धमकाया भी था। घटना के दिन सुबह सभी आरोपी मिलकर युवक मनोज को फोन से बुलाया और उसकी हत्या चाकू गोदकर कर दी ।
कांड का सूचक ही निकला पिता का हत्यारा
दूसरी घटना पिपरा थाना क्षेत्र के ढाढी भवानीपुर गांव में 28 जनवरी को घटी थी। इसमें स्थानीय निवासी विरेंद्र यादव की हत्या कर लाश को पोखर के किनारे फेंक दिया गया था। इस संबंध में मृतक के पुत्र धर्मेंद्र यादव ने 13 व्यक्तियों को नामजद करते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पर जांच में कांड का सूचक धर्मेंद्र यादव ही अपने पिता का हत्यारा निकला। उसने अपने मित्रों के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी। आरोपी पुत्र ने बताया कि उसके पिता का अवैध संबंध किसी अन्य महिला से था। और वे अक्सर मां के साथ मारपीट करते थे। इस कारण उसने पहले अपनी मां- बहन को अपने गांव पहुंचा दिया। फिर मित्रों के साथ मिलकर पहले पिता को शराब पिलाया। नशे में धुत होने पर पिता को बाइक से तालाब किनारे ले जाकर हत्या कर दी। आरोपी पुत्र की निशानदेही पर उसके एक मित्र रमाशंकर यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं एक अन्य आरोपी मित्र की तलाश जारी है।
