Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित हिंदू बस्ती में सोमवार की देर रात एक हॉलसेल रेडीमेड कपड़ा दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान राख में तब्दील हो गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात अचानक दुकान से धुआं उठता देखा गया। जब तक लोग मौके पर पहुंचे और दुकान मालिक को सूचना दी, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। देखते ही देखते दुकान में रखा सारा सामान—कपड़े, फर्नीचर, कैश काउंटर और अन्य सामग्री—सब कुछ जलकर खाक हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग डर से घरों से बाहर निकल आए।
मंगलवार सुबह तक दुकान के मलबे से धुआं उठता रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हालांकि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है।
दुकानदार ने बताया कि इस घटना में लगभग 20 से 25 लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि रात के समय दुकान बंद थी, इसलिए आग लगने की सटीक वजह का पता नहीं चल सका। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आग की वास्तविक वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की त्वरित सुविधा उपलब्ध कराई जाए। देर रात लगी इस आग ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है।

