Jamshedpur News:- जिले में अवैध नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को शनिवार की रात स्लैग रोड स्थित प्रीतम पार्क के आसपास अवैध नशे के कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे रौशन महतो और शिव किशोर पाण्डेय को हिरासत में लिया गया। तलाशी के क्रम में दोनों के पास से कुल 58 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
रविवार को प्रेस को जानकारी देते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं। पूछताछ के दौरान नशे के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की संभावना है, जिस पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जिले भर में नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

