खगड़िया।

पटना निगरानी विभाग की टीम ने बुधवार को जिले के 2 जगहों पर छापेमारी कर गोगरी अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और सिविल सर्जन कार्यालय के प्रधान लिपिक को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इससे स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप है। जानकारी अनुसार निगरानी विभाग की एक टीम ने जिले के गोगरी अनुमंडल अस्पताल में पदस्थापित प्रभारी डॉ एस सी सुमन को एक एएनएम से बकाया वेतन के भुगतान मामले में डेढ़ लाख रुपए घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जबकि दूसरी टीम ने सिविल सर्जन कार्यालय में छापेमारी कर प्रधान लिपिक राजेंद्र प्रसाद को ₹30000 घूस लेते धर दबोचा। प्रधान लिपिक ने रूबी कुमारी नाम की एएनएम से वेतन भुगतान करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। निगरानी की बड़ी कार्रवाई से स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों में भय है। बताया जाता है कि गिरफ्तार प्रधान लिपिक के बयान से सिविल सर्जन पर भी गाज गिर सकती है। हालाकी सिविल सर्जन ने अभी कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है।