रांची।भाजपा एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष जीत राम मुंडा हत्याकांड के मुख्य आरोपी व एक लाख का इनामी मनोज मुंडा को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी अनुसार पुलिस के दबाव के कारण मनोज मुंडा सिविल कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। इसकी भनक मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे बार एसोसिएशन के समीप से गिरफ्तार कर लिया।

मालूम हो कि भाजपा नेता की हत्या पिछले महीने ओरमांझी थाना क्षेत्र में हुई थी। तब से हत्याकांड का मुख्य आरोपी फरार चल रहा था। रांची पुलिस ने एक दिन पूर्व ही मनोज मुंडा पर एक लाख का इनाम घोषित की थी। मनोज मुंडा ने ही जीत राम मुंडा की हत्या की सुपारी यूपी के शूटर डब्लू यादव को दी थी। पुलिस हत्या के मामले में शूटर और कार्तिक मुंडा को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
उल्लेखनीय है कि 22 सितंबर की शाम पुतला दहन कार्यक्रम से लौटकर ओरमांझी थाना क्षेत्र में भाजपा नेता जीतराम मुंडा पालू स्थित आर्यन ढाबा पहुंचे थे। आर्यन ढाबा के मालिक भाजपा कार्यकर्ता राज किशोर साहू के साथ चाय पी रहे थे । इसी दौरान वहां पहुंचें अपराधियों ने गोली मारकर इनकी हत्या कर दी थी।