Ramgarh News:- शारदीय नवरात्र का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ रामगढ़ जिले में धूमधाम से मनाया जा रहा है। सातवें दिन महासप्तमी के अवसर पर सोमवार को सभी पूजा पंडालों में मां दुर्गा का पट खोला गया। जैसे ही पट खुले, दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रामगढ़ शहर में इस बार 17 स्थानों पर भव्य पूजा पंडाल सजाए गए हैं। इसके अलावा पूरे जिले में सैकड़ों स्थलों पर आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं। शहर के सुभाष चौक, बिजुलिया, थाना चौक, चट्टी बाजार, रांची रोड, इफको कॉलोनी और अरगड्डा कॉलोनी समेत कई जगहों पर भक्तों ने मां दुर्गा के दर्शन किए।
इस वर्ष की खास बात यह रही कि देवी मां गज (हाथी) पर सवार होकर आई हैं। सुभाशीष पंडा ने बताया कि नवरात्र जिस दिन से शुरू होता है, उसी के आधार पर माता रानी की सवारी मानी जाती है। सोमवार से नवरात्र की शुरुआत होने के कारण मां दुर्गा हाथी पर विराजमान होकर आई हैं। धार्मिक मान्यता है कि हाथी पर मां दुर्गा का आगमन ऐश्वर्य, शांति और समृद्धि का प्रतीक है। इसे अच्छी वर्षा और कृषि उन्नति का शुभ संकेत भी माना जाता है।
इधर अरगड्डा कॉलोनी में बनाए गए पूजा पंडाल का उद्घाटन स्थानीय विधायक निर्मल महतो और तिवारी महतो ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर रामगढ़ एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद और अंचल अधिकारी रमेश रविदास भी उपस्थित थे।
पूजा पंडालों में सोमवार सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। महिलाएं और बच्चे पारंपरिक परिधान में पूजा अर्चना करने पहुंचे। मंदिरों और पंडालों में मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
महासप्तमी के साथ ही दुर्गा पूजा का उत्सव अपने चरम पर है। आने वाले दिनों में महाअष्टमी और महानवमी पर विशेष पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

