Garhwa News: प्रेमी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका को चाकू से गोद दिया और फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी। यह सनसनीखेज वारदात गढ़वा टाउन थाना क्षेत्र के वनपुरवा जंगल में शुक्रवार देर रात हुई। शनिवार की सुबह दोनों के शव घटनास्थल से बरामद किए गए।पुलिस ने मौके से पिस्टल, चाकू और अन्य सामान जब्त कर लिया है। दोनों शवों का गढ़वा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक प्रेमी की पहचान चैनपुर के शाहपुर सेमरटाड़ निवासी सुमित कुमार चंद्रवंशी (26) के रूप में हुई है, जबकि मृतका नावाटोली निवासी प्रीति देवी उर्फ डॉली (25) बताई जा रही हैं। प्रीति शादीशुदा थी और दो बच्चों की मां थी। आठ साल पहले उसकी शादी चैनपुर सेमरटाड़ के संतोष चंद्रवंशी से हुई थी।
प्रीति के भाई, पांकी-सगालीम निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की रात करीब एक बजे उनकी बहन ने फोन कर बताया कि उसके प्रेमी सुमित ने उसे चाकू मार दिया है और खुद को गोली भी मार ली है। उसने कहा, “मेरी हालत गंभीर है, जान बचाइए।” इस सूचना के बाद भाई ने पुलिस को जानकारी दी और गढ़वा पहुंचकर तलाश शुरू की, लेकिन तब तक उसकी बहन की मौत हो चुकी थी।
परिजनों के अनुसार, प्रीति अक्सर सुमित से फोन पर बात करती थी। परिवार ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने अपनी आदत नहीं बदली। घर से निकलते समय उसने बताया था कि वह राशन लेने और समूह का पैसा भरने जा रही है।
दूसरी ओर, मृतक सुमित के परिवार के अनुसार, शुक्रवार को दिनभर मकान निर्माण के काम में व्यस्त रहने के बाद शाम छह बजे वह अपने भतीजे के साथ बाइक से निकला था। तहले नदी के पास उसने भतीजे को घर भेज दिया और खुद कहीं चला गया। देर रात जानकारी मिली कि सुमित ने खुद को गोली मार ली है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि सुमित और प्रीति दूर के जीजा-साली लगते थे। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि, हत्या और आत्महत्या के पीछे की असली वजह क्या थी, यह अब तक साफ नहीं हो सका है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

