Lohardaga News : झारखंड के लोहरदगा जिले के पेशरार प्रखंड अंतर्गत दुंदरु गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग प्रेमी ने अपनी नाबालिग प्रेमिका की चाकू से हत्या कर दी और फिर जंगल में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। मृतक युवक की पहचान दुंदरु निवासी जयनाथ उरांव (17) तथा युवती की पहचान रामदयाल उरांव की पुत्री मालती कुमारी (14) के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार को दोनों अपने दोस्तों व सहेलियों के साथ डाडु रथ मेला देखने गए थे। मेला से लौटते समय रास्ते में युवक ने अचानक चाकू निकालकर मालती पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले के दौरान उसने पूरी घटना का वीडियो बनाया और बाद में उसे इंस्टाग्राम व फेसबुक पर अपलोड कर दिया।
घटना के समय युवती के साथ उसकी कुछ सहेलियां भी थीं, जिनमें से कुछ को युवक ने घायल करने की भी कोशिश की, हालांकि वह सफल नहीं हो सका। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने पर युवक घटनास्थल से भाग निकला और पास के जंगल में जाकर पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी।
ग्रामीणों ने बताया कि युवक ने आत्महत्या से पहले तक वीडियो बनाना बंद नहीं किया। फिर मोबाइल बंद कर जंगल में जाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर सेरेंदाग पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

