Jamshedpur News:- झारखंड के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के जोगी सोल गांव में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा की उसके प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान पटनायक सोल निवासी जानकी कुमारी के रूप में हुई है, जो कक्षा नौ की छात्रा थी और पढ़ाई में होनहार मानी जाती थी।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, 22 वर्षीय आरोपी अब्दुल कासिम ने तीन महीने पहले जानकी को स्कूल से बहला-फुसलाकर अपने साथ जोगी सोल गांव में रखा था। इस दौरान आरोपी लगातार जानकी पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था। बताया गया कि वह चाहता था कि जानकी इस्लाम धर्म अपना ले, लेकिन जानकी ने इससे साफ इनकार कर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी मुद्दे पर मंगलवार सुबह करीब 4 बजे दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर आरोपी ने जानकी का सिर जोर से दीवार पर दे मारा। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया।
मृतका के पिता संत गिरी ने बताया कि जानकी तीन बहनों में सबसे छोटी थी। परिवार और ग्रामीणों ने इस हत्या को ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
धालभूमगढ़ थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस हत्या के साथ-साथ लव जिहाद और अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में जल्द ही चार्जशीट दायर करने की बात कही गई है।

