Sasaram News:- नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण और यौन उत्पीड़न के मामले में एलजेपी (रामविलास) के रोहतास जिलाध्यक्ष एवं भैंसही कला पंचायत के मुखिया–सह–पैक्स अध्यक्ष कमलेश राय को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी सासाराम मुफस्सिल थाना पुलिस ने की है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी नाबालिग बेटी 5 नवंबर को रोजाना की तरह कोचिंग के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों में काफी खोजबीन की, पर कोई पता नहीं चल पाया।
परिवार ने 11 नवंबर को मुफस्सिल थाना में नामजद शिकायत दर्ज कराई और कमलेश राय पर अपहरण का आरोप लगाया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि 11 सितंबर को भी आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और कथित रूप से तीन दिनों तक सासाराम में रखा था। घर लौटने पर बच्ची ने बताया था कि वह कमलेश राय के बुलावे पर गई थी।
पुलिस को जांच के दौरान एक मोबाइल फोन भी मिला, जिसमें कमलेश राय के नाम से जारी सिम कार्ड लगा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग का दुरुपयोग किया और पैसों के लिए उसे बेचने की कोशिश भी की।
मेडिकल जाँच और कोर्ट में बयान के बाद कार्रवाई
सदर डीएसपी–II कुमार वैभव ने बताया कि नाबालिग की बरामदगी के बाद उसका मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया गया और मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। रिपोर्ट आने के बाद आरोपी कमलेश राय (पिता– हरिहर राय, निवासी– भैंसही कला) को पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

