Koderma News:- सतगावां थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का बड़ा मामला रविवार को उस समय उजागर हुआ जब रामडीह के नौवाचक स्थित अपना लाइन होटल के पास अहले सुबह एक पिकअप वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। वाहन के पलटते ही उसमें छिपाकर ले जाई जा रही शराब की पेटियां गिर पड़ीं और बोतलें सड़क पर बिखर गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार तस्करों ने पिकअप वैन में प्लाई लकड़ी का फ्रेम बनाकर बीच के हिस्से में लगभग 130 पेटी शराब को बारीकी से छिपाया था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। लेकिन वाहन पलटते ही तस्करी का पूरा खेल खुल गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना प्रभारी सौरभ कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन को रेस्क्यू कर सीधा करवाते हुए उसे जब्त कर थाना पहुंचाया। सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को भी पुलिस ने कब्जे में लिया।
पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस मार्ग से छोटे वाहनों के जरिये बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी कर बिहार भेजा जाता है। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
घटना के उजागर होने से इलाके में एक बार फिर अवैध शराब कारोबार की सक्रियता पर सवाल उठने लगे हैं।

