Rohtas News: जिले के कोचस नगर पंचायत में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेंदुआ अचानक वार्ड संख्या तीन में दाखिल हो गया और लोगों पर हमला बोल दिया। देखा-देखी पूरे इलाके में दहशत फैल गई और तेंदुआ कई गलियों में घूमते हुए आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को जख्मी कर गया। सूचना पाकर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन भी तुरंत सक्रिय हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ को सबसे पहले कोरिगांवा गांव की ओर से सासाराम–चौसा मार्ग के किनारे झाड़ियों में घूमते देखा गया। आगे बढ़ने के क्रम में उसने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। उसी दौरान खेतों में काम कर रहे किसानों ने शोर मचाया तो तेंदुआ बेकाबू होकर इधर-उधर भागने लगा और नगर पंचायत क्षेत्र में घुस गया। यहां उसने राजा पासवान, डॉक्टर देवा, मनीष ओझा सहित कई लोगों को घायल कर दिया। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
भागते-भागते तेंदुआ इस्लाम नगर स्थित एक अधनिर्मित मकान में छिप गया, जहां देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रशासन ने तुरंत इलाके को घेराबंदी कर भीड़ को दूर रखा। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्र भूषण गुप्ता, अंचलाधिकारी विनीत ब्यास और थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने स्थिति को नियंत्रित किया।
शाम होने पर सासाराम से डीएफओ स्टेलिन फेडल कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की विशेष रेस्क्यू टीम पहुंची। अंधेरा बढ़ने और भीड़ के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण हुआ। इस दौरान तेंदुआ ने चार वनकर्मियों पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया, हालांकि सभी कर्मचारी खतरे से बाहर हैं।
लगभग घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने आखिरकार तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया। जानवर को इलाज के लिए सासाराम वन प्रक्षेत्र लाया जा रहा है। डीएफओ के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तेंदुआ कैमूर पहाड़ियों से भटककर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया था। इलाज व स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे कैमूर के जंगल में सुरक्षित छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

