रुद्रप्रयाग न्यूज:-उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा के दौरान जंगलचट्टी के पास अचानक हुए भूस्खलन में दो पालकी मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घटना सुबह करीब 11:20 बजे की है, जब अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर नीचे गिरने लगे।
हादसे की चपेट में कई डंडी-कंडी मजदूर और कुछ यात्री आ गए। कई लोग नीचे खाई में गिर पड़े। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत खाई से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद गौरीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों में जम्मू-कश्मीर निवासी संदीप कुमार (22) को कमर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, नितिन मन्हास (16) को हल्की खरोंच आई है। एक यात्री, आकाश चितरिया (40) गुजरात के निवासी हैं और उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की है।
इस हादसे में दो पालकी मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नितिन कुमार और चंद्रशेखर के रूप में हुई है, दोनों जम्मू-कश्मीर के निवासी थे।
यह हादसा केदारनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सावधानी बरतने की अपील की है और खराब मौसम के दौरान सतर्कता बढ़ाई जा रही है।

