Koderma News- कोडरमा जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। थाना क्षेत्र के दूधीमाटी इलाके में शुक्रवार देर रात चोरों ने सेवानिवृत्त बिजली विभाग के कर्मचारी विजय सिंह के घर को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गृहस्वामी विजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात तकरीबन 12 बजे तक परिवार के सभी सदस्य जगे हुए थे। उसके बाद सभी लोग अपने-अपने कमरों में सो गए। जिस कमरे को चोरों ने निशाना बनाया, उसमें आमतौर पर कोई नहीं सोता था। हर रोज की तरह विजय सिंह का भांजा बिपुल उस कमरे से बिस्तर निकालकर छत पर बने कमरे में सोने चला गया।
सुबह जब बिपुल वापस उस कमरे में बिस्तर रखने आया तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो उसने जोर से धक्का दिया। दरवाजा खुलने पर पाया कि दरवाजे के पीछे कुर्सी फंसी हुई थी और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
बिपुल ने तुरंत अपनी मामी को आवाज दी और मामले की जानकारी दी। जब सभी परिवारजन कमरे में पहुंचे तो देखा कि खिड़की टूटी हुई है। घर की अलमारी और बक्सों की जांच करने पर सामने आया कि लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हो चुके हैं।
परिवार ने इसकी सूचना तत्काल कोडरमा पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आए दिन चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। वहीं, पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

