Koderma News:- कोडरमा जिले की जिला कल्याण पदाधिकारी शीतल उषा किरण कांडील का रविवार को इलाज के दौरान रांची के मेडिका अस्पताल में निधन हो गया। 40 वर्षीय कांडील मूल रूप से हजारीबाग की निवासी थीं और वर्तमान में कोडरमा थाना क्षेत्र के दूधीमाटी इलाके में किराए के मकान में रह रही थीं। शनिवार सुबह वह अचानक अचेत हो गईं, जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल लाया गया। जांच में ब्रेन हेमरेज की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह जिला कल्याण पदाधिकारी को कार्यालय ले जाने के लिए उनके सरकारी वाहन चालक शंकर दूधीमाटी स्थित आवास पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला और फोन कॉल का भी जवाब नहीं मिला। इसके बाद मकान मालिक की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो वह बेहोश अवस्था में जमीन पर गिरी मिलीं। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया। सीटी स्कैन रिपोर्ट में ब्रेन में ब्लड क्लॉट पाया गया।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. रंजीत कुमार ने बताया कि ब्रेन हेमरेज की वजह से उनके मस्तिष्क की गतिविधियां प्रभावित हो गई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल रांची के लिए रेफर किया गया। सूचना मिलते ही विभागीय कर्मी और अधिकारी अस्पताल पहुंचे। इस बीच उनके पति भी अस्पताल पहुंच गए और उन्हें रांची ले गए, लेकिन वहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
गौरतलब है कि शीतल उषा किरण कांडील ने इसी महीने 8 अगस्त को कोडरमा जिले में जिला कल्याण पदाधिकारी का पदभार ग्रहण किया था। पदभार संभालने के बाद से वह दूधीमाटी स्थित किराये के मकान में रह रही थीं और रोजाना सरकारी वाहन से दफ्तर जाया करती थीं। उनके निधन से पूरे जिले में शोक की लहर है।

