Koderma News:- कोडरमा जिला के एक थाना प्रभारी पर गंभीर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। इस मामले में स्थानीय व्यवसायी एवं समाजसेवी, टीम जेके के संस्थापक जुगनू जयंत ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक (DGP) और कोडरमा उपायुक्त को लिखित शिकायत भेजी है।
शिकायत पत्र के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम को कोलकाता से छपरा जा रही ट्रक (संख्या WB 25 J 2747) कोडरमा थाना क्षेत्र की घाटी में दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई थी। घटना की सूचना पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था हेतु दी गई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अगली सुबह जब ट्रक का सामान दूसरे वाहन में लादा जा रहा था, तभी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्य रोक दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने “सेवा शुल्क” की मांग की। आरोप है कि थाना प्रभारी के निर्देश पर कुल ₹15,000 की अवैध वसूली की गई।
शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि ₹12,000 थाना प्रभारी के नाम पर, ₹1,500 चौकीदारों के लिए, ₹2,500 पेट्रोलिंग पुलिस के लिए और अतिरिक्त राशि क्रेन ऑपरेटर को दी गई। इतना ही नहीं, आरोप है कि भुगतान के बाद भी ट्रक को उठाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बजाय क्रेन ऑपरेटर ने ट्रक को अपने कार्यालय परिसर में खड़ा करवा दिया और अब भी अतिरिक्त पैसे की मांग की जा रही है।
जुगनू जयंत ने यह भी दावा किया है कि इस पूरे प्रकरण से जुड़े कुछ ऑडियो सबूत उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें जांच एजेंसी की मांग पर उपलब्ध कराया जा सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री, डीजीपी और उपायुक्त से इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी थाना प्रभारी समेत संलिप्त पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी अपील की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। वायरल ऑडियो की पुष्टि टुडे पोस्ट लाइव नहीं करता है।

