Koderma News :- कोडरमा थाना के गिरिडीह रोड स्थित क्षत्रिय धर्मशाला के पास एक घर से 15 किलो कीमती ब्लू स्टोन और दो वाहन जब्त किए गये है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की गयी है। पुलिस को सूचना थी कि राजीव सिंह उर्फ ललन सिंह ने अपने घर में सहयोगी के साथ मिलकर लोकाई के जंगल क्षेत्र से उत्खनित ब्लू स्टोन को राजस्थान भेजने का योजना बना रहा है। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी विकास कुमार पासवान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने क्षत्रिय धर्मशाला के समीप राजीव सिंह उर्फ ललन सिंह के घर पर छापेमारी कर एक आरोपित बंटी कुमार रजक (25 ) को गिरफ्तार किया ।
साथ ही ललन सिंह के घर में रखे करीब 15 किलो ग्राम ब्लू स्टोन, क्रेटा वाहन (आरजे 45सीआर 2151 ) एवं होण्डा कार (जेएच 07एच0050 )की जांच करने पर दो डायरी, एक कॉपी एवं दो मोबाईल को जब्त किया ।
गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ करने पर पता चला कि लोकाई गांव के प्रतिबंधित जंगल क्षेत्र से उत्खनित अवैध ब्लू स्टोन के खरीद-बिक्री के संबंध में ललन सिंह और अन्य सहयोगी के साथ अपने घर में इकठ्ठा हुए थे। पुलिस को आता देख सभी अंधेरा का लाभ उठाकर वहां से फरार हो गए। बंटी कुमार ने बताया कि ललन सिंह उर्फ राजीव सिंह ओर सिकन्दर दास बरसोतियाबर के नेतृत्व में सभी लोगों के जरिये अवैध उत्खनन कर ब्लू स्टोन को खरीद कर वाहनों से राजस्थान मे ले जाकर व्यापार किया जाता है। इस संबंध में कोडरमा थाना (कांड संख्या- 110/25) दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई कि जा रही है। छापेमारी दल में पुनि विकास कुमार पासवान, पुनि हेमा कुमारी सहित सशस्त्र बल मौजूद थे।

