Koderma News:- कोडरमा में आगामी त्यौहारों और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए विधि व्यवस्था, सुरक्षा और निगरानी को लेकर उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी मजिस्ट्रेटों और थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया।बैठक में उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि पिछले त्यौहारों के दौरान जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन ने सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी पर्वों के दौरान भी विधि व्यवस्था में खलल डालने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में भू-माफियाओं की पहचान कर कठोर कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों, अवैध शराब कारोबारियों और प्रतिबंधित पान मसाला बेचने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।उन्होंने सघन वाहन जांच अभियान चलाने और अड्डेबाजी एवं जुआ खेलने वालों पर नकेल कसने के भी निर्देश दिए। साथ ही, सभी बड़े मॉल, दुकानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आदेश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपराध को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। थाना दिवस के आयोजन के दौरान भूमि विवाद से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सीमावर्ती चेकपोस्टों पर विशेष निगरानी का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध शराब, जाली नोट, मादक पदार्थों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाए।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती रिया सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रतिभान सिंह, एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रिंस गोडविन कुजुर, सहित सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित थे।

