बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला सम्मान यात्रा के लिए राज्य का दौरा करने की बात कही, इस पर पूर्व मुख्यमंत्री और RJD नेत्री राबड़ी देवी ने उनकी इस यात्रा का समर्थन किया है। इस संबंध में राबड़ी देवी ने कहा कि ‘निश्चित तौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यात्रा करने का हक है, उनको यात्रा करना ही चाहिए। लेकिन साथ ही स्मार्ट मीटर का मुद्दा गलत है और इस मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विचार करना चाहिए।’

राबड़ी देवी विधान परिषद से निकलने के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ‘विकास कार्यों की समीक्षा करनी ही चाहिए और अगर इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यात्रा पर निकल रहे हैं तो कोई गलत बात नहीं है, उनको जाना ही चाहिए। हमें भी यात्रा करने का हक है, हम भी जा रहे हैं। यह अच्छी बात है कि महिलाओं को सम्मान मिलना चाहिए।’
इधर स्मार्ट मीटर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि ‘स्मार्ट मीटर को हटाना चाहिए। स्मार्ट मीटर में बिल बहुत ज्यादा आ रहा है, आम लोग परेशान हैं इसलिए स्मार्ट मीटर को हटाने की मांग कर रहे हैं। अगर सरकार स्मार्ट मीटर नहीं हटा सकती तो कम से कम इसकी जांच कराए कि आखिर बिल इतना अधिक क्यों आ रहा है।’