. घटना से आक्रोशित लोगों ने बकोर चौक के समीप शव के साथ किया सड़क जाम
सुपौल।
सदर थाना क्षेत्र के बकोर बिजलापुर गांव से एक दिन पूर्व गायब हुए शिवानी चौधरी के 12 वर्षीय बालक दिलखुश कुमार का शव शनिवार को एक नहर से बरामद किया गया है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद बालक के शव को बकोर चौक के समीप रखकर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मृतक के परिजनों ने अपने पड़ोसी अरविंद चौधरी पर हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में पड़ोसी अरविंद चौधरी सहित तीन को गिरफ्तार किया गया है।
परिजनों ने बताया कि तीन-चार दिन पहले गांव के ही पड़ोसी अरविंद चौधरी का मोबाइल चोरी हो गया था। वह चोरी का आरोप दिलखुश पर लगा रहा था। इस बीच शुक्रवार को दिलखुश गायब हो गया था। देर रात तक खोजबीन करने पर उसका सुराग नहीं मिला। दूसरे दिन शनिवार को एक नहर में बालक का शव गड़ा मिला। घटना के बाद परिजनों में मातमी सन्नाटा है। इधर जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीपीओ इंद्र प्रकाश सहित एसडीएम और थाना प्रभारी ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर 4 घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
