Khunti district : जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया को यौन शोषण के मामले में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। रांची जिले के चुटिया थाना की पुलिस ने खूंटी पुलिस के सहयोग से उन्हें जिला परिषद कार्यालय स्थित उनके चेम्बर से गिरफ्तार किया। खूंटी के एसपी मनीष टोप्पो ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की।
सूत्रों के अनुसार, रांची जिले की एक महिला ने चुटिया थाने में मसीह गुड़िया के खिलाफ गंभीर आरोपों के साथ मामला दर्ज कराया था। पहले महिला ने खूंटी पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन मामला रांची क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण आवेदन रांची एसएसपी को भेजा गया। जांच के बाद चुटिया थाने में केस दर्ज हुआ।
महिला का आरोप है कि 7 फरवरी 2024 को दिवड़ी मंदिर में उसने मसीह गुड़िया से शादी की थी और 23 अप्रैल को रांची में रजिस्ट्री भी कराई थी। इसके बावजूद आरोपी उसे अब तक अपने घर नहीं ले गया। पीड़िता का दावा है कि 6 जुलाई के बाद मसीह और उनके परिवार का व्यवहार बदल गया और उनकी ननद ने रिश्ता तोड़ने का दबाव बनाया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि शादी से पहले, 23 जनवरी 2024 को, मसीह गुड़िया ने गेतलसूद डैम के पास सुनसान जगह में अपनी बोलेरो कार में उसका जबरन शारीरिक शोषण किया था। साथ ही, अक्तूबर 2024 में आरोपी ने 30 लाख रुपये की मांग की थी।
गौरतलब है कि हाल ही में जिला परिषद के सात सदस्यों ने मसीह गुड़िया के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाया था। चुटिया थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

