Patna News:- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार की राजनीति को गरमाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने शनिवार को मुजफ्फरपुर जिले के औराई विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को पटना से वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। खराब मौसम के कारण वे खुद सभा में नहीं पहुंच सके।
भाजपा प्रत्याशी राम निषाद के समर्थन में बोलते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि राजद का डीएनए अब भी नहीं बदला है। उनके अनुसार, राजद के चरित्र में आज भी “हत्या, लूट, अपहरण और गुंडागर्दी” शामिल है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर उजाले का मजा लेना है, तो काले दिनों को भी याद रखना जरूरी है। बिहार को अंधकार से निकालकर विकास की राह पर लाने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजग सरकार ने किया है।
नड्डा ने सिवान के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन का उदाहरण देते हुए कहा कि जिन्होंने एक भाजपा कार्यकर्ता को सिर्फ झंडा लगाने पर मार दिया था। इसके अलावा उन्होंने याद दिलाया कि शहाबुद्दीन के बेटे को राजद ने टिकट दिया, जो इस मानसिकता का प्रतीक है। उन्होंने यह भी बताया कि पटना के दानापुर से राजद विधायक रीतलाल यादव को हाल ही में कोर्ट से जमानत नहीं मिली।
उन्होंने राज्य सरकार की कई योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें मेट्रो परियोजना, महिलाओं को 10 हजार रुपये की सहायता राशि और एलिवेटेड रोड का निर्माण शामिल है। नड्डा ने कहा कि बिहार विकास की नई कहानी लिख रहा है और इसमें जनता का सहयोग महत्वपूर्ण है।
किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि यदि 14 नवंबर के बाद राजग की सरकार बनती है, तो किसान सम्मान निधि की राशि 6000 रुपये से बढ़ाकर 9000 रुपये कर दी जाएगी।

