सरायकेला-खरसावां। जिला पुलिस और कोबरा बटालियन के संयुक्त ऑपरेशन में दो उग्रवादियों को मार गिराया गया है। दोनों के शव को भी पुलिस ने बरामद कर लिया हैं। पुलिस मुठभेड़ में मारे गये माओवादियों की पहचान खूंटी के काली मुंडा और बोकारो की रीला कुमारी के रूप में की गयी है।

आईजी अभियान एवी होमकर ने पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को बताया कि कोबरा-209, झारखंड जगुआर, सरायकेला और चाईबासा पुलिस के साथ सीआरपीएफ का संयुक्त दल कुचाई थाना के बारूदा के घोर जंगली क्षेत्र में सघन अभियान चलाते हुए आगे बढ़ रही थी। तभी अचानक नक्सलियों ने पुलिस बल को लक्षित कर ताबड़तोड़ गोली-बारी शुरू कर दी। अभियान दल ने मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोली-बारी पर जवाबी कार्रवाई की। पुलिसबल को भारी पड़ता देख नक्सली भीषण जंगली क्षेत्र का फायदा उठाते हुए भाग निकले। मुठभेड़ के बाद उक्त इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान एक पुरुष और एक महिला माओवादी का शव अत्याधुनिक हथियार के साथ बरामद हुआ। इस संयुक्त अभियान में नक्सलियों का एक बड़ा कैम्प भी ध्वस्त कर दिया गया।
आईजी ने बताया कि अत्याधुनिक हथियार और गोली का जखीरा की बरामदगी के साथ कई नक्सलियों को गोली लगने की भी खबर है। शुरुआती जांच-पड़ताल में मारे गये दोनों नक्सलियों की पहचान अनल दा दस्ते के सेक्शन कमाण्डर काली मुण्डा और रिला माला उर्फ संथाली के रूप में हुई। इस तलाशी अभियान में एक एसएलआर, पांच मैगजीन, वायरलेश सेट एक एवं अन्य दैनिक उपयोग के समान बरामद हुआ है, जिसके सत्यापन की कार्रवाई चल रही है।
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने एक एसएलआर और 170 जिंदा कारतूस सहित कई सामान बरामद किये हैं। ट्राई जंक्शन क्षेत्र में पड़ने वाले जोंगरो में यह मुठभेड़ हुई, जो चाईबासा, सरायकेला और खूंटी जिले का सीमावर्ती इलाका है। जिला पुलिस, सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन और कोबरा के ज्वाइंट ऑपरेशन में यह सफलता हाथ लगी है, जहां मुठभेड़ हुई है, वह एक करोड़ के इनामी माओवादी अनल का इलाका है।
जहां मुठभेड़ हुई है वहां अमित मुंडा, सालुका कायम और अनल का दस्ता मौजूद था। उनके साथ सुरक्षाबलों की प्रातः पांच बजे से आठ बजे तक करीब 3 घंटे मुठभेड़ चली। सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी एक करोड़ के ईनामी अनल का दस्ता इलाके में मौजूद है। इसके बाद घेराबंदी कर ऑपरेशन चलाया गया। इलाके में पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही थी। बताया जाता है कि मुठभेड़ के बाद अनल का यह नक्सली दस्ता घने जंगल में छिप गया है। इस दस्ते में अनल दा के अलावा कई इनामी नक्सली भी मौजूद है। फिलहाल नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में झारखंड पुलिस ने एक करोड़ के इनामी माओवादी पतिराम मांझी उर्फ अनल दा के खिलाफ सघन अभियान शुरू किया है। सरायकेला, चाईबासा और खुंटी ट्राईजंक्शन में भाकपा माओवादी पतिराम समेत कई इनामी माओवादियों के होने की सूचना पुलिस को मिली है। पुलिस को इस इलाके में माओवादी गतिविधियों की जानकारी भी मिली थी। पतिराम मांझी कई बड़े कांडों का मास्टरमाइंड माना जाता है। इसके बाद जिला पुलिस, झारखंड जगुआर व कोबरा बटालियन ने अभियान शुरू किया गया था।