रांची

झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडे ने रांची डीसी छवि रंजन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह पुलिस जवानों से घरेलू कार्य कराते हैं। इससे रांची पुलिस केंद्र में जवानों की कमी बनी रहती है जबकि जवानों पर कामों का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा है कि रांची डीसी के यहां 8 बॉडीगार्ड और 10 जवानों की क्यूआरटी प्रतिनियुक्त है। बॉडीगार्ड के रूप में प्रतिनियुक्त जवानों से सगे संबंधियों सहित बच्चों के कार्य कराए जाते हैं। प्रतिनियुक्ति के कारण रांची पुलिस केंद्र में जवानों की कमी बनी रहती है। इससे विधि व्यवस्था संधारित कर रहे जवानों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है। पुलिस मैनुअल और डीजीपी के आदेशों की अवहेलना हो रही है।
राकेश पांडे ने यह भी आरोप लगाया कि कई आपराधिक छवि के व्यक्तियों को भी बॉडीगार्ड उपलब्ध कराकर हमारे जवानों के जीवन और हथियारों को खतरे में डाला गया है। ऐसे अपराधिक व्यक्ति हमारे जवानों के हथियारों का भी उपयोग कर रहे हैं। बिना आदेश के प्रभाव का भय दिखाकर जवानों को राज्य के बाहर भी ले जाया जा रहा है। जबकि जवानों के वेलफेयर की बात अनसुनी की जा रही है। इससे जवान विचलित हो रहे हैं। उन्होंने जवानों की बातें सुनने की गुहार लगाई है।