Ranchi News:- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के हेड कांस्टेबल महेंद्र लश्कर को रांची में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। रांची स्थित सीआरपीएफ 133वीं बटालियन कैंप में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड के मुख्य सचिव अनिनाश कुमार, पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, और आईजी सीआरपीएफ सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद जवान को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने इस अवसर पर कहा कि, “हमारे सुरक्षा बलों के अद्वितीय साहस और बलिदान को देश कभी नहीं भुला सकता। महेंद्र लश्कर जैसे वीरों की कुर्बानी राष्ट्र की एकता और अखंडता की प्रतीक है।”
महेंद्र लश्कर असम राज्य के निवासी थे। वे सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उनके पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ असम रवाना किया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।
गौरतलब है कि इसी साल जुलाई महीने में झारखंड के गोमिया में नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में कोबरा बटालियन के जवान प्रानेश्वर कोच भी असम के ही रहने वाले थे और वीरगति को प्राप्त हुए थे।
शुक्रवार की देर रात चाईबासा के मनोहरपुर प्रखंड के सारंडा जंगल में हुए इस हमले में सीआरपीएफ 60वीं बटालियन के एक इंस्पेक्टर और दो अन्य जवान भी घायल हुए थे। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है।

