Ranchi News:- झारखंड कैबिनेट की बैठक में मंगलवार को कई अहम फैसले लिए गए। इसमें स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा बड़ा निर्णय सामने आया है, जिसके तहत राज्य सरकार ने चार महिला चिकित्सकों को सेवा से बर्खास्त करने की मंजूरी दी है। कैबिनेट द्वारा जिन महिला चिकित्सकों को बर्खास्त किया गया है, उनमें डॉ. फरहाना (स्त्री रोग विशेषज्ञ, सदर अस्पताल, गिरिडीह), डॉ. ज्योति कुमारी (चिकित्सा पदाधिकारी, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बालकुश, टुण्डी, धनबाद – प्रतिनियुक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, तोपचांची, धनबाद), डॉ. भावना (चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मरकच्चो, कोडरमा) और डॉ. रिंकु कुमारी सिंह (चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, चंदनकियारी, बोकारो) शामिल हैं।
इसके अलावा, कैबिनेट ने डॉ. इन्द्रनाथ प्रसाद (चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल, साहेबगंज) को भी सेवा से हटाने की स्वीकृति प्रदान की है। बताया जा रहा है कि इन चिकित्सकों पर लंबे समय से लापरवाही और अनियमितता के आरोप लगे थे। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और जवाबदेही तय करने के लिए यह बड़ा कदम उठाया गया है।
कैबिनेट की बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया। मोरहाबादी स्थित दिशाग गुरू और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के आवास को उनकी पत्नी रूपी सोरेन के नाम पर आवंटित करने का प्रस्ताव पास किया गया। गौरतलब है कि यह आवास शिबू सोरेन को जीवनपर्यंत उपलब्ध कराया गया था। अब राज्य सरकार ने इसे उनकी पत्नी रूपी सोरेन को देने का निर्णय लिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि स्वास्थ्य विभाग से संबंधित यह कार्रवाई राज्य में चिकित्सकीय सेवाओं को और अधिक पारदर्शी और जिम्मेदार बनाने का प्रयास है। वहीं, गुरूजी का आवास रूपी सोरेन के नाम किए जाने से राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।

