Ranchi News: झारखंड विधानसभा सत्र के अंतिम दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के समर्थन में बोलते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इससे पूर्व जितने भी अभिभाषण हुए, उनमें यह सबसे छोटा और अधिक दूरदर्शिता के साथ दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य आंदोलन की उपज है। खून से सींचा गया राज्य है। यहां के लोग स्वाभिमानी हैं। जो ठान लेते हैं, वो तब तक नहीं रुकते, जब तक मंजिल न मिल जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 के बाद से परिवर्तन दिखा है। चाहे आधारभूत संरचना हो, पर्यटन हो या रोजगार सृजन हो। झारखंड देश का पहला राज्य है जहां श्रमिकों के लिए बेहतर कानून बनाया गया है। उन्होंने भाजपा विधायक सीपी सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बुर्जुग हो गए हैं। शहर को नया आयाम देने का काम किया गया है। रांची का चहुंमुखी विकास हुआ है। हर दिन एक नया अध्याय इस राज्य में जुड़ेगा। ये सरकार प्रोजेक्ट भवन से नहीं बल्कि गांव से चलने वाली सरकार है। गांव की अर्थव्यस्था नहीं बढ़ेगी तो राज्य के सर्वांगीण विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। पूर्व में भी काम किया है आगे भी काम करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के बड़े-बड़े उद्योग, बोकारो, एचईसी, सिंदरी खाद कारखाना लगे। यह उस समय की बात है, जब देश को टाटा-बिड़ला के नाम से जाना जाता था। इसके बावजूद लोग भूमिहीन, बेरोजगार और विस्थापित होने लगे। हमें गर्व है, उन महापुरूषों पर जिन्होंने अपना लक्ष्य साधे रखा। लंबी लड़ाई लड़ी। 2000 में नया राज्य बना। यह सही है कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने नए राज्य पर मुहर लगाई लेकिन अलग राज्य की लड़ाई में दस महीने नहीं, वर्षों बरस लग गए। इस पीड़ा को हम लोगों से अधिक कोई नहीं समझ सकता। 2019 तक इस राज्य को दलदल में धकेलने का ऐसा प्रयास किया गया कि दोबारा उबर नहीं सके। 2019 में गठबंधन की सरकार बनी। इसके बाद भी सत्ता से बेदखल करने के कई हथकंडे अपनाए गए। आज दोबारा सरकार को इस मुकाम में पहुंचाने में जनता की भूमिका है।
कल्पना सोरेन बोलीं- झारखंड को समर्पित है अबुआ सरकार
झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि यह अपनों की सरकार है। अबुआ सरकार झारखंड को समर्पित है। अभिभाषण में इच्छाशक्ति है, जो खुशहाली देने वाली है।उन्होंने कहा कि एक-एक शब्द को धरातल पर उतारेंगे। जनादेश महागठबंधन को मिला है। क्रांतिकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। केंद्र की योजनाओं में राज्य के गरीब-गुरबों की चिंता नहीं है। किसानों का ऋण माफ किया गया है। झारखंड में झामुमो की अपनी पहचान रही है। ये राज्य झामुमो की उपज है। यह जनादेश आदिवासी-मूलवासियों ने दिया।
विधानसभा सत्र के अंतिम दिन वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने जिला खनिज फाउंडेशन के वित्तीय वर्ष 2020-21 और 2021-22 का वार्षिक प्रतिवेदन सदन में रखा। भाजपा विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि प्रदेश में क्राइम काफी तेजी से बढ़ रहा है। झारखंड की बेटी, बहु और व्यापारी कैसे सुरक्षित रहे इस पर कोई नहीं बोल रहा है। भाजपा विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने कहा कि पलामू में 45 से 50 रुपये बोरा बालू मिल रहा है। बालू की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। आजसू विधायक निर्मल महतो ने मांडू को अनुमंडल बनाने और ढ़ाढ़ी प्रखंड को रामगढ़ में शामिल करने की मांग की।
हेमलाल मुर्मू की जबान फिसली, नीरा यादव मांफी मांगने की मांग पर अड़ी
राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के समर्थन में बोलते हुए झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू की जबान फिसल गई।उनके मुहं से कुछ आपत्तिजनक शब्द निकले, जिस पर भाजपा विधायक डॉ नीरा यादव ने कड़ी आपत्ति जताई। नीरा यादव ने कहा कि सदन में 12 महिला सदस्य हैं। सभी स्वाभिमान के साथ जीना चाहते हैं। इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। हेमलाल मुर्मू इस पर माफी मांगे। स्पीकर ने कहा कि कभी-कभी बोलते समय स्लीप ऑफ टंग हो जाता है। बाबूलाल ने कहा कि कोई भी सदस्य अपशब्द का प्रयोग न करें, इसका ख्याल रखना पड़ेगा।
झामुमो के मुख्य सचेतक बने मथुरा प्रसाद महतो
झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो को झामुमो का मुख्य सचेतक बनाया गया है। गुरुवार को सदन में इसकी घोषणा की गई।