Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों के ऐलान के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीट बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी सिलसिले में मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुख्यमंत्री आवास में महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, विजेंद्र यादव, सुनील कुमार और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में सीट बंटवारे, उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के बाद संजय झा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “दो से तीन दिनों में राजग के भीतर सीट शेयरिंग पर फैसला हो जाएगा। गठबंधन में कहीं कोई परेशानी नहीं है। हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएंगे। इस बार का प्रदर्शन 2010 से भी बेहतर होगा।”
सूत्रों के अनुसार, संजय झा आज दिल्ली रवाना होंगे, जहां उनकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि राजग के घटक दलों की साझा बैठक में सीट बंटवारे पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
हाल ही में भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने पटना में पूर्व जदयू अध्यक्ष ललन सिंह, हम के संरक्षक जीतनराम मांझी और आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की थी। वहीं दिल्ली में उन्होंने एलजेपी (रामविलास) अध्यक्ष चिराग पासवान से भी मुलाकात की है।
जदयू के भीतर भी अधिकांश सीटों पर उम्मीदवार तय हो चुके हैं। कुछ सीटों पर चर्चा जारी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस बार कई सीटों पर नए चेहरे देखने को मिल सकते हैं।
हाल ही में परबत्ता विधायक संजीव सिंह के राजद में शामिल होने के बाद वहां नया उम्मीदवार उतारा जाएगा। वहीं चकाई से निर्दलीय विधायक सुमित सिंह को जदयू टिकट मिलने की चर्चा है। डुमरांव सीट पर भी इस बार नया चेहरा मैदान में उतर सकता है।

