Jammu News:- जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर मौसम ने कहर बरपाया है। रामबन जिले के मेहद इलाके में हो रही लगातार भारी बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर भूस्खलन की घटना सामने आई है। इसके चलते हाईवे पर मिट्टी और पत्थर का मलबा आ गया है, जिससे सड़क पूरी तरह बाधित हो गई है।
यातायात विभाग ने जानकारी दी है कि सुरक्षा कारणों से फिलहाल वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि जब तक मौसम में सुधार नहीं होता, तब तक मलबा हटाने का कार्य शुरू नहीं किया जा सकता। बारिश की तीव्रता को देखते हुए यह भी आशंका है कि आगे और भी भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे लोगों की जानमाल को खतरा हो सकता है।
यातायात पुलिस और प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर यात्रा करने से बचें। जिन यात्रियों ने यात्रा की योजना बनाई है, वे अपने गंतव्य के लिए निकलने से पहले यातायात नियंत्रण कक्ष से संपर्क जरूर करें।
रामबन जिला प्रशासन भी हाई अलर्ट पर है और क्षेत्र में स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वे तैयार रहें। जम्मू-श्रीनगर हाईवे राज्य का मुख्य संपर्क मार्ग है और इस पर प्रतिदिन हजारों वाहन चलते हैं। ऐसे में यह मार्ग बंद होना यात्रियों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रभावित कर रहा है।

