Jamshedpur News:- झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में नौ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ एक जेलकर्मी ने घिनौना कृत्य किया। आरोपी की पहचान संजय कुमार सिंह (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो घाघीडीह जेल में कक्षपाल के पद पर कार्यरत है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर तीन मंजिला इमारत की छत पर ले जाकर उसके साथ अमानवीय कृत्य किया। बच्ची के घर लौटने के बाद उसके व्यवहार में बदलाव देखकर परिजनों को शक हुआ। जब उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई, तो फुटेज में आरोपी संजय कुमार सिंह को बच्ची के साथ भालूबासा चौक के पास जाते हुए देखा गया।
फुटेज सामने आने के बाद परिजन और स्थानीय लोग गुस्से में आरोपी के घर पहुंचे। भीड़ ने उसे पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव किया और अफरातफरी का माहौल बन गया।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी दंपती को सुरक्षित थाने लाया और स्थिति को नियंत्रित किया। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को एमजीएम अस्पताल में बच्ची की मेडिकल जांच कराई जा रही है और न्यायालय में उसका बयान भी दर्ज कराया जाएगा।
घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। लोग आरोपी जेलकर्मी को कठोर से कठोर सजा देने की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है ताकि दोषी को जल्द सजा दिलाई जा सके।

