Ranchi News:- राजधानी रांची में शारदीय नवरात्र की तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में आकर्षक और भव्य पूजा पंडालों का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में जगन्नाथ नगर सार्वजनीन दुर्गापूजा समिति, राजेंद्र भवन सेक्टर-2 इस वर्ष अपना 61वां वर्षगांठ मना रही है। वर्ष 1965 में शुरू हुई यह पूजा आज रांची के प्रमुख आयोजनों में शुमार है। समिति इस बार विशेष आकर्षण के रूप में काल्पनिक मंदिर का प्रारूप तैयार करवा रही है। पंडाल और साज-सज्जा का कार्य सांई डेकोरेटर्स, डोरंडा को सौंपा गया है। मूर्तिकार जगदीश पाल भव्य प्रतिमा का निर्माण कर रहे हैं, वहीं परंपरागत माहौल बनाने के लिए पुरुलिया से ढाकी बुलाए जा रहे हैं। ढाक की धुन पूजा के वातावरण को और भी भक्तिमय बना देगी।
समिति के मीडिया प्रभारी मानस बनर्जी ने बताया कि आधुनिकता के बावजूद पूजा पूरी तरह से बंगाली परंपरागत विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराई जाती है। नवपत्रिका प्रवेश से लेकर विजयादशमी तक भक्तजन पूरे आस्था भाव से शामिल होते हैं और मां दुर्गा की आराधना कर अपने मनोरथ पूर्ण करते हैं।
पूजा समिति का संचालन अध्यक्ष राजकुमार चक्रवर्ती, सचिव रथिनद्रनाथ दास और कोषाध्यक्ष उत्तम घोष कर रहे हैं। आयोजन समिति का कहना है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पूजा का उद्देश्य समाज में भक्ति, शांति और भाईचारे का संदेश फैलाना है।
समिति का विश्वास है कि माता रानी के आशीर्वाद से सभी भक्तों के जीवन में सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति का संचार होगा। 61वें वर्षगांठ का यह आयोजन न केवल भव्य पंडाल और सुंदर मूर्तियों के लिए बल्कि धार्मिक अनुशासन और परंपरागत पूजन पद्धति के लिए भी यादगार रहेगा।

