East Champaran:- भारत-नेपाल सीमा पर रक्सौल में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। नेपाल के रास्ते भारत में अवैध रूप से घुसने की कोशिश कर रहे एक इराकी नागरिक को एसएसबी और हरैया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान इराक के बगदाद शहर के अल-दोरा क्षेत्र निवासी बारा फौजी हामिद अल बयाती के रूप में की गई है। वह बिना वैध यात्रा दस्तावेज के भारत में प्रवेश की कोशिश कर रहा था। जांच में पता चला कि उसका भारतीय वीजा पहले ही समाप्त हो चुका है।
एसएसबी जवानों द्वारा भारत-नेपाल मैत्री पुल के पास रूटीन चेकिंग के दौरान उसे पकड़ा गया। पूछताछ में जब वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, तब उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों को सूचित कर दिया गया है और उससे भारत में प्रवेश के पीछे के उद्देश्यों की गहराई से जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की तैयारी चल रही है। गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव और सुरक्षा स्थितियों के मद्देनजर रक्सौल बॉर्डर पर चौकसी बढ़ा दी गई है। विदेशी नागरिकों की आवाजाही पर पैनी नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

